नगर निगम मंडी चुनाव: नामांकन के तीसरे व अंतिम दिन 43 नामांकन पत्र दाखिल

मंडी, 02 मई । नगर निगम मंडी में पार्षदों के चुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तीसरे व अंतिम दिन कुल 43 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पंद्रह वार्डों की नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के बागियों की भरमार है। दोनों ही दलों के रूष्ट उम्मीदवार अपनों को ही सबक सिखाने के मूड में है और खुलकर मैदान में आ गए हैं।

सहायक निर्वाचन अधिकारी नगर निगम मंडी एवं एसडीएम मंडी सदर रूपिंद्र कौर ने बताया कि वार्ड नंबर एक खलियार अनारक्षित से शनिवार को पांच नामांकन प्राप्त हुए। जिनमें अलकनंदा हांडा, राजीव वैद्य, प्रवीण कुमार, विवेक सैनी और गौरव ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर दो पुरानी मंडी महिला से सरिता हांडा ने नामांकन भरा। वार्ड नंबर तीन पड्डल महिला से नीलम शर्मा ने नामांकन पत्र के दो सेट दाखिल किए। वार्ड नंबर चार नेला महिला से संतोष ने अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि नर्वदा देवी ने नामांकन के दो सेट दाखिल किए।

वार्ड नंबर पांच मंगवाई (महिला) से रजनी चंद्रा तथा कृष्णा ठाकुर ने नामांकन प्रस्तुत किया। उसी प्रकार वार्ड नंबर छह सनयाहरड अनुसूचित जाति से वीरेंद्र सिंह आर्य तथा विनोद कुमार ने अपना नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर सात तल्याहड़ अनारक्षित से आकाश शर्मा, अभिनव, यादविंदर, रूपेश कुमार, जैनेंद्र कुमार तथा सुदेश ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड नंबर आठ पैलेस कॉलोनी-एक महिला से नीम दासी ने नामांकन दाखिला किया। वार्ड नंबर नौ पैलेस कॉलोनी-2 (अनारक्षित) से विनय शर्मा ने जबकि, सुमन ने दो सेट दाखिल किए। वार्ड नंबर 10 सुहड़ा अनुसूचित जाति महिला से सुषमा कुमारी तथा नेहा ने नामांकन दाखिल किया।

वार्ड नंबर 11 समखेतर (अनारक्षित) से निखिल वालिया, गौरव शर्मा, वरुण तथा दिव्या हांडा ने नामांकन दाखिल किया तथा वार्ड नंबर 12 भगवाहन (अनारक्षित) से चंद्रशेखर, योगेश, तेजिंदर सिंह ने अपने नामांकन दाखिल किया, जबकि दिनेश कुमार ने दो सेट दाखिल किए। वार्ड नंबर 13 थनेहड़ा महिला से गीतांजलि ने अपना नामांकन दाखिल किया व रजनी शर्मा ने दो सेट नामांकन के दाखिल किए।

सहायक निर्वाचन अधिकारी नगर निगम मंडी वार्ड नंबर 14 व 15 एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि वार्ड नंबर 14 बैहना अनुसूचित जाति से धन देव और कृष्ण भानु ने नामांकन दाखिल किए, जबकि वार्ड नंबर 15 दौंहदी अनुसूचित जाति महिला से अंजया कुमारी तथा मीना देवी ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नगर निगम मंडी में 15 वार्डों के चुनाव के लिए आज 43 नामांकन दाखिल किए गए। पहले दिन केवल एक नामांकन प्राप्त हुआ था, जबकि दूसरे दिन 15 नामांकन दाखिल हुए।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को प्रातः 10 बजे से शुरू की जाएगी। 6 मई को उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को प्रातः 7:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक होगा।