मानक उल्लंघन पर कसा शिकंजा, तीन क्रेशर सीज, नौ ओवरलोड ट्रक जब्त

मीरजापुर, 03 मई । अहरौरा क्षेत्र में भगौतीदेई गांव के आसपास संचालित स्टोन क्रेशर प्लांटों के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को लगातार दूसरे दिन सख्त कार्रवाई की। एसडीएम चुनार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने जांच के दौरान तीन क्रेशर प्लांट सीज कर दिए, जबकि बिना परमिट और ओवरलोड चल रहे नौ ट्रकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश के निर्देश और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश पर गठित टीम में उपजिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा, खान अधिकारी जितेंद्र सिंह, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी एनपी तिवारी और क्षेत्राधिकारी शिखा भारती शामिल रहीं। टीम ने गांव के आसपास संचालित कई क्रेशर प्लांटों का निरीक्षण किया।

खान अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा धूल-गर्दे और मानकों के उल्लंघन की शिकायत की गई थी। उसी के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। जांच में तीन प्लांटों को सीज किया गया। इसके अलावा अहरौरा-जमुई मार्ग पर विभिन्न स्थानों से नौ ओवरलोड ट्रकों को बिना परमिट पकड़ा गया और अहरौरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। दो दिनों से चल रही कार्रवाई के चलते अधिकांश क्रेशर प्लांटों पर सन्नाटा रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर संचालन जारी रहने की चर्चा भी रही। वहीं शिकायतकर्ता संपूर्णानंद ने अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। संयुक्त टीम ने आशीर्वाद, कृष्णा स्टोन, बजरंग, योगमाया, महाकाल, ओम साईं, गंगा सागर समेत अन्य क्रेशर प्लांटों की भी जांच की।