अमेठी, 04 मई । उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घर के पास खेत में शौच के लिए गई एक 25 वर्षीय युवती को गांव के ही दो दबंग युवकों ने दरिंदगी की। पुलिस ने इस मामले में दोनों नामजद आरोपिताें शिव और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे एक युवती घर के पास स्थित खेत में शौच के लिए गई थी। दोनों युवकों ने उसे अकेला पाकर दबोच लिया। आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शोर मचाने और खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर चुप कराने की कोशिश की। दरिंदगी की हदें पार करने के बाद आरोपियों ने जाते-जाते पीड़िता को खौफनाक धमकी भी दी। डर के मारे पीड़िता रात भर सहमी रही, लेकिन रविवार सुबह उसने साहस जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। रविवार सुबह पीड़िता परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और नामजद तहरीर दी।
एसपी सरवणन टी. ने सोमवार को बताया कि तहरीर पर दो नामजद आरोपिताें के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों ने तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपिताें शिव और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।