पूर्वी सिंहभूम, 04 मई । देश के तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत, विशेषकर पश्चिम बंगाल में मिली बड़ी सफलता पर एनडीए के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की ओर से राष्ट्रीय महासचिव डॉ पवन पांडेय ने बधाई दी है।
उन्होंने इसे आम जनता के साहस, संघर्ष और लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक दबाव के खिलाफ एक निर्णायक जनादेश बताया।
डॉ पांडेय ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जिस तरह वर्षों तक राजनीतिक संघर्ष का सामना किया और अंततः लोकतांत्रिक तरीके से परिवर्तन का मार्ग चुना, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों की जीत है जिन्होंने भय और दबाव के माहौल के बावजूद अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक हिंसा और गुंडागर्दी के खिलाफ यह जनादेश एक स्पष्ट संदेश है। अब राज्य में शांति, स्थिरता और विकास की नई शुरुआत होने की उम्मीद है। डॉ पांडेय ने विश्वास जताया कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए बुनियादी ढांचे, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगी।