राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर करसोग में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, पंच प्रण का दिया संदेश

शिमला, 08 मई ।करसोग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में आलोक कुमार ने संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं को कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिवारों में संस्कार और अपनापन बना रहना चाहिए तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने अस्पृश्यता जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने, स्वदेशी एवं स्वावलंबन को अपनाने तथा संविधान और नियमों का पालन करने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

इस अवसर पर बागवानी के क्षेत्र में सेब की विभिन्न प्रजातियों के पांच लाख पौधे विकसित करने तथा स्वावलंबन एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सोनू ठाकुर को सह सरकार्यवाह आलोक कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में रामपुर विभाग संघचालक अश्विनी सोनी, प्रांत प्रचारक संजय कुमार, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महीधर प्रसाद, विभाग प्रचारक शिवकुमार सहित राजेन्द्र शर्मा, आत्माराम तथा करसोग और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।