उदयपुर, 08 मई । उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की नृशंस हत्या के मामले में तनाव बरकरार है। धारदार हथियार से सीने पर वार कर की गई इस हत्या के विरोध में परिजनों ने तीसरे दिन, शुक्रवार को भी शव उठाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
मृतक की पहचान ठंडी बेरी, पिंडवाड़ा निवासी मेवाराम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मेवाराम बुधवार (6 मई) को अपने दोस्तों के साथ पीपली खेड़ा गांव में एक ‘ढूंढ’ कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर शाम वापस लौटते समय टाकरी घाटी के पास दो बाइक पर सवार 4-5 बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने मेवाराम के सीने पर धारदार हथियार से घातक प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे लूटपाट से जोड़कर देख रही है, क्योंकि हत्या के बाद बदमाश युवक का मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो गए। बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही आरोपितों को दबोच लिया जाएगा। हालांकि, हत्या के असली कारणों का खुलासा गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।
मृतक के भाई मालाराम ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बिलखते हुए कहा, मेरे भाई की बिना किसी कारण निर्मम हत्या कर दी गई। उसके तीन छोटे बच्चे हैं और पत्नी गर्भवती है। मैं उन मासूमों को क्या जवाब दूंगा? जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाते, हम शव नहीं उठाएंगे।
पुलिस और प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन परिवार अपनी मांग पर अड़ा है। इलाके में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।