धर्मशाला, 10 मई । कांगड़ा जिला के दो नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर में 17 मई को होने वाले चुनावों को लेकर भाजपा ने अपना प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को पहले पालमपुर और फिर धर्मशाला में भाजपा के बड़े नेताओं ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को नगर निगम पालमपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया और आरोप लगाया कि जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं रह गई है, वह जनता को गुमराह करने के लिए फिर से झूठी गारंटियां बांट रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की स्थिति ऐसी हो गई है जैसे इसे कोई अपरिपक्व छात्र नेता चला रहा हो, जो विकास के बजाय समोसे खो जाने पर पुलिस जांच बिठाने और सोशल मीडिया पर लिखने वाले पत्रकारों व नेताओं पर एफआईआर करने में व्यस्त है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं है।
उन्होंने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 114 हेक्टेयर जमीन को पर्यटन के नाम पर अपने ‘मित्रों’ को बेचने के फैसले को प्रदेश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और कहा कि जिस पालमपुर की धरती से राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित हुआ था, उसी पवित्र स्थान से कांग्रेस ने ‘हिमाचल ऑन सेल’ की शुरुआत कर दी है, जिसे भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़कर रुकवाया।
धर्मशाला में भाजपा का विधायक बना तो रोका गया यहां का विकास : जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को धर्मशाला नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतर्गत दाड़ी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया और कार्यकर्ताओं में जीत का नया जोश भरा। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह, ऊर्जा और विजय का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिसे संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, झूठे वादों और प्रशासनिक विफलताओं से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम में विकास, पारदर्शिता और निस्वार्थ जनसेवा की बहाली के लिए जनता पूरी मजबूती के साथ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में खड़ी है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के इस अटूट समर्थन के साथ धर्मशाला में विजय पताका फहराने के लिए कृतसंकल्प है। जयराम ठाकुर ने सभी 17 वार्डों के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि यदि धर्मशाला का वास्तविक और आधुनिक विकास देखना है, तो नगर निगम में भाजपा की सरकार बनाना अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से विधायक सुधीर शर्मा भाजपा से विधायक बने हैं तो जानबूझकर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र का विकास रोका गया है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि धर्मशाला के विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और केंद्र सरकार से विशेष बजट का प्रावधान भाजपा सुनिश्चित करेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केवल खोखले भाषणों और घोषणाओं से धर्मशाला को ‘पर्यटन राजधानी’ या ‘स्मार्ट सिटी’ नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए धरातल पर ठोस विजन और काम करने की इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है, जिसका कांग्रेस में पूर्णतः अभाव है। इस अवसर पर पार्टी प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन परमार, सुधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, पवन काजल सहित वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।