मंडी, 10 मई । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंडी के एक दिवसीय अनौपचारिक दौरे के दौरान पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोलते हुए ममता बनर्जी की टीएमसी को टेरर मर्डर क्राइम पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब ममता सरकार के अत्याचारों से राहत मिली है और प्रदेश अब विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा, क्योंकि वहां भाजपा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार कार्य करेगी।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि जहां टीएमसी का झंडा, वहां दस-दस गुंडा वाली राजनीति अब समाप्त होगी। आने वाले समय में बंगाल में केवल कानून का डंडा चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने मछली-चावल को लेकर लोगों के बीच भ्रम और भय का माहौल बनाने का प्रयास किया था। लेकिन भाजपा नेताओं ने स्वयं वहां जाकर मछली-चावल खाकर लोगों के भ्रम को दूर किया और जनता ने भी भाजपा को समर्थन देकर इसका जवाब दिया।
ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ को लेकर अनुराग ठाकुर ने भारतीय सेनाओं की वीरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ ही घंटों में पाकिस्तान को ऐसी शिकस्त दी कि पाकिस्तान की मौजूदा पीढ़ी ही नहीं बल्कि आने वाली कई पीढ़ियां भी इस ऑपरेशन को कभी भूल नहीं पाएंगी।
अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पाकिस्तान की हवाई पट्टियों पर आज भी बैलगाड़ियां चल रही हैं और ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया के सामने भारतीय सेनाओं की ताकत और क्षमता का परिचय दिया है।
इस दौरान अनुराग ठाकुर मंडी के पड्डल मैदान भी पहुंचे, जहां उन्होंने बल्ला उठाकर छक्के-चौके लगाए। बीसीसीआई व एचपीसीए द्वारा आयोजित टाटा आईपीएल फैन पार्क 2026 का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आईपीएल आज युवा खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया तक पहुंचने का सबसे बड़ा मंच बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आईपीएल से निकलकर कई खिलाड़ी आज भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आईपीएल के माध्यम से आज स्थानीय बोलियों में भी मैच कमेंट्री प्रसारित की जा रही है, जिससे देश के अनेक राज्यों में आईपीएल देखने की उत्सुकता और अधिक बढ़ी है। उन्होंने कहा कि फैन पार्क जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं और खेल प्रेमियों को खेल संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है तथा खेलों के प्रति नई पीढ़ी का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।