हरिद्वार, 10 मई । ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार कोतवाली कनखल पुलिस ने पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराने वाले तीन मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी उधम और कुशलपाल गैंग को सपोर्ट देकर विभिन्न वारदातों को अंजाम दिलवाते थे। भूपतवाला, कोतवाली नगर, ज्वालापुर, कनखल, पथरी और लक्सर तक इनका नेटवर्क फैला हुआ था, जिसे पुलिस लगातार ध्वस्त करने में जुटी है।
अब तक इस गैंग से जुड़े 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। 4 मई को प्रणव शर्मा निवासी कनखल ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। रॉयल हट, जगजीतपुर में आरोपियों ने प्रणव पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 मई को पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते कुशलपाल पुत्र अनिल कुमार सैनी, निवासी बजरीवाला बैरागी कैंप, थाना कनखल, आकाश कुमार पुत्र बिरेन्द्र कुमार, निवासी तुकमापुर, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उ.प्र.) व हिमांशु उर्फ जौनी पुत्र पतराम सैनी, निवासी राजा का राजपूत, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.) बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए तीनों का चालान कर दिया है।