सूरजपुर, 11 मई । जिले की नवपदस्थ कलेक्टर रेना जमील ने पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को जिला संयुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कार्यालयीन कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने जिला संयुक्त कार्यालय परिसर में संचालित एनआईसी, जनगणना, जनसंपर्क, सांख्यिकी, खाद्य, भू-अभिलेख, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न शाखाओं का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं, संचालित गतिविधियों तथा कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभिलेखों के संधारण, फाइलों की अद्यतन स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासकीय कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित फाइलों का त्वरित निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुनकर प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय आम जनता की सेवा का माध्यम हैं, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और तत्परता से कार्य करें।
कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन, समय पालन और स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।