पिता की हत्या कर शव दफनाने वाला बेटा गिरफ्तार, फावड़ा और डंडा बरामद

प्रयागराज, 15 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को पिता की हत्या करने वाले आरोपित बेटे को गिरफ्तार और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त औजार फावड़ा व बांस का डंडा बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित उतरांव थाना क्षेत्र के सिठौली सुंदरनगर निवासी विजय कुमार यादव उर्फ छोटू पुत्र दयाराम है।

उन्होंने बताया कि आरोपित ने अपने पिता दयाराम यादव की हत्या कर शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। 13 मई को ग्रामीणों ने दयाराम यादव का शव मिलने की सूचना थाना उतरांव को दी थी। इसके बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके पिता उससे अधिक काम कराते थे और खाने को केवल नमक-रोटी देते थे। इसी बात से नाराज होकर उसने 11 मई को फावड़े और डंडे से हमला कर पिता की हत्या कर दी। बाद में शव को घर के पीछे जमीन में गाड़ दिया।

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और बांस का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना उतरांव में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में साक्ष्य संकलन और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।