काठमांडू, 17 मई । पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी पूर्व विदेश मंत्री आरजु राणा देउवा के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी करने के अनुरोध के साथ नेपाल पुलिस ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय अपराध पुलिस संगठन इंटरपोल को सबूत सौंपे हैं।
दरअसल, नेपाल सरकार ने इंटरपोल के काठमांडू स्थित नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (एनसीबी) के माध्यम से देउवा दंपती के खिलाफ नोटिस जारी करने का अनुरोध किया था। इस पर इंटरपोल सचिवालय ने अतिरिक्त विवरण मांगते हुए वर्तमान स्थिति में ‘रेड कार्नर नोटिस’ जारी नहीं किए जा सकने की जानकारी दी थी। इसके बाद इंटरपोल की ओर से मांगी गई विस्तृत जानकारी रविवार को इंटरपोल सचिवालय को भेज दी गई है।
मनी लॉन्ड्रिंग विभाग के अनुसार इंटरपोल ने देउवा दंपती के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित अपराध के बारे में जानकारी मांगी थी। इंटरपोल ने कुछ अदालती दस्तावेज भी मांगे थे। इस पर विभाग ने देउवा दंपती के घर में जली हुई अवस्था में मिले विदेशी नोटों सहित अन्य मामलों की जांच जारी होने की जानकारी इंटरपोल को देते हुए आवश्यक विवरण भेजा है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुछ अन्य दस्तावेज भी भेजे गए हैं।
विभाग के अनुरोध पर जिला अदालत काठमांडू ने 19 मार्च को देउवा दंपती के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। देउवा दंपती के खिलाफ जांच समेत अन्य कुछ मामलों में असंतोष के बाद सरकार ने संपत्ति शुद्धीकरण विभाग के तत्कालीन प्रमुख गजेन्द्र ठाकुर को हटा दिया था। वर्तमान में निर्मल ढकाल विभाग प्रमुख हैं। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार देउवा दंपती के खिलाफ अन्य संभावित अपराधों में भी जांच आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।