आल्टो कार से 250 किलो गौ मांस बरामद, चालक फरार

हरिद्वार, 19 मई । ऑपरेशन प्रहार के तहत चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने साेमवार की देर रात एक आल्टो कार से 250 किलोग्राम गौमांस बरामद किया है। कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक देहात शेखरचंद्र सुयाल ने मंगलवार काे बताया कि बीती देर रात्रि उ0नि0 योगेश कुमार चेतक कर्मियों के साथ कस्बा झबरेड़ा स्थित अमर जवान चौक पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से लेकर भाग निकला।

पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया गया। पीछा करने पर आरोपी चालक खुंडेवाली-अकबरपुर तिराहे के पास कार को गन्ने के खेत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी में रखे प्लास्टिक के पांच कट्टों से लगभग 250 किलोग्राम गौमांस बरामद किया गया।

बरामदगी के आधार पर कोतवाली झबरेड़ा में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत अज्ञात कार चालक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। फरार आरोपित की तलाश जारी है।