नैनीताल, 19 मई । नैनीताल जनपद मुख्यालय के निकटवर्ती भवाली के देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पुलिस नै सुबह-सुबह हिरासत में लिया है। बताया गया है कि पांडे को मंगलवार सुबह 7 बजे नरेश पांडे को उसके घर से, जब वह घर के बाथरूम में था, नैनीताल की मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने चार-पांच वाहनों में अचानक पहुंचकर परिवार जनों के विरोध के बीच हिरासत में लिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक नैनीताल पुलिस इस बारे में कुछ नहीं बता रही है। अलबत्ता भवाली के कोतवाल प्रकाश मेहरा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि नरेश पांडे के उन चार बाउंसरों को भी पुलिस ने उठाया है, जिन्हें वह हमेशा साथ रखता है। पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है। अभी उसे गिरफतार करने की घोषणा नहीं की गयी है। उल्लेखनीय है कि नरेश पांडे पूर्व में जिला बदर भी घोषित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर नरेश पांडे के विरुद्ध शादी का झांसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाने, गर्भपात कराने, मानसिक प्रताड़ना देने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) और 69 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता युवती पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों से आरोपित नरेश पांडे के संपर्क में थी। युवती ने आरोप लगाया है कि नरेश ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उसे शादी का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे में दोनों के बीच संबंध बने। बाद में युवती को जानकारी मिली कि नरेश पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने पर उस पर दबाव बनाकर गर्भपात कराया गया, जिससे संबंधित दस्तावेज भी उसके पास सुरक्षित हैं।
प्राथमिकी में अन्य युवतियों के नामों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नरेश पांडे अन्य युवतियों के संपर्क में भी था और कुछ युवतियां बयान देने के लिए तैयार हैं। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि हाल के दिनों में आरोपित ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी तथा कथित वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से दबाव बनाने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की भी मांग की थी।
हालांकि अभियोग दर्ज होने के बाद नरेश पांडे ने खुद को पाक साफ और सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए कुछ युवकों द्वारा युवती को दबाव में लेकर उसे फंसाये जाने का आरोप लगाया था, और उनके विरुद्ध मानहानि का दावा करने की बात कही है। नरेश पांडे का कहना था कि युवती स्थानीय है और उसके संपर्क में है। युवती सहित सबको पता है कि वह शादीशुदा है। बकौल नरेश युवती को कुछ लोगों ने बहन बनाकर बहलाया और एआई से बनायी गयी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे जबर्दस्ती उसकी शिकायत कराई। युवती इन लोगों के विरुद्ध भी पुलिस में शिकायत कर चुकी है और साइबर सेल से उस वीडियो और मामले की जांच चल रही है। नरेश के अनुसार युवती ने इन लोगों के कहने पर पहले भी एक बार उसके विरुद्ध शिकायत की थी, लेकिन बाद में वह अपनी गलती मानकर शिकायत वापस भी ले चुकी थी, लेकिन पुनः उससे शिकायत करवायी गयी है। बताया जा रहा है कि इस बीच भी युवती ने वीडियो के माध्यम से कुछ लोगों के दबाव में आरोप लगाये जाने की बात कही है।