सुलतानपुर में व्यक्ति की गोली लगने से संदिग्ध मौत

सुलतानपुर, 23 मई । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के ओदरा गांव में शनिवार शाम एक व्यक्ति की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की दूसरी पत्नी से पूछताछ की जा रही है।

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ओदरा निवासी मुफीद उर्फ बरसाती (50) को संदिग्ध अवस्था में गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसओ कोतवाली देहात धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मुफीद गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इटकौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर गार्ड की नौकरी करता था, जिसे उसने चार महीने पहले छोड़ दिया था। हाल ही में उसने लगभग 16 लाख रुपये की जमीन बेची थी। एक साल पहले उसकी पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिससे उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। उसने सैफुल्लागंज में दूसरी शादी की थी।

सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने शनिवार को बताया कि शाम करीब 5 बजे पुलिस को ओदरा गांव में मुफीद अहमद (50) द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और उसे सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुफीद की पहली पत्नी का दो साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद वह डिप्रेशन में रहता था। आठ महीने पहले उसने बच्चों की देखभाल के लिए दूसरी शादी की थी।

पुलिस के अनुसार, मुफीद अक्सर बच्चों और अपनी दूसरी पत्नी के साथ मारपीट करता था। जांच में पाया गया कि उसने अपनी लाइसेंसी राइफल से अपने 10 वर्षीय बेटे के सामने खुद को गोली मार ली। फील्ड यूनिट को बुलाया गया है और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।