धनबाद के चौधरी स्वीट्स में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

धनबाद, 27 मई । धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने मौजूद चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस हादसे में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान संचालक ने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं और फायर ब्रिगेड मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे अचानक चौधरी स्वीट्स की दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दुकान के संचालक बबलू ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। दुकान में रखा सारा सामान जल गया। करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि दुकान के ऊपर बुजुर्ग दंपति रहते हैं। अगर आग ज्यादा फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अवैध तरीके से लगाए गए चूल्हों की जांच की मांग की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।