रायपुर 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा रायपुर स्थित राजीव स्मृति वन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।“प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक जुड़ाव के साथ जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है।कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुणार पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू हो रहा यह अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का अनूठा संगम बनकर लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।