नई दिल्ली, 06 जून । दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साकेत में रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपित समेत तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लाडो सराय निवासी एक व्यक्ति ने साकेत थाने में शिकायत दी थी कि उसे लगातार रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन आ रहे हैं। आरोप है कि एक जून को दो बाइक सवार बदमाशों ने उसके घर के बाहर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया था। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर राकेश उर्फ राका और उसके साथी सोनू उर्फ अड्डू की पहचान की गई।
शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि राकेश, सोनू और भारत जाटव अवैध हथियारों के साथ बिरला विद्या निकेतन मार्ग की तरफ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीम ने मछली मार्केट रोड के पास घेराबंदी कर दी। दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत
मित्तल के अनुसार करीब 12:20 बजे बिना नंबर की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीनों संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपितों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राकेश और सोनू के पैरों में गोली लगी। दोनों को काबू कर लिया गया, जबकि तीसरे आरोपित भारत जाटव को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राकेश उर्फ राका अंबेडकर नगर थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोनू पर हत्या सहित दो और भारत जाटव पर एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, छह खोखे, तीन मोबाइल फोन और चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित खुद को प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़ा बताते थे और गैंग को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे। मामले में आगे की जांच की जा रही है।