झांसी, 07 जून । उत्तर प्रदेश के झांसी में थाना सीपरी बाजार पुलिस ने बीते रोज घटित गंभीर हत्याकांड में वांछित दो अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जबकि एक अन्य नामजद आरोपित की तलाश जारी है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 06 जून को वादिया सुमन कुशवाहा ने अपने पति गौरीशंकर कुशवाहा एवं चाचा मुरारी लाल पर जानलेवा हमले की तहरीर थाना सीपरी बाजार में दी थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने झगड़े के दौरान दोनों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मरणासन्न अवस्था में छोड़ दिया और धमकी दी। उपचार के दौरान गौरीशंकर कुशवाहा की मृत्यु हो जाने पर मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस होटल मालिक समेत एक अन्य आरोपित को बीते रोज ही गिरफ्तार कर लिया था।
विवेचना के दौरान अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी थी। 07 जून की रात लगभग 23:55 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो अन्य अभियुक्त सिमरधा गांव के सामने प्रतीक्षालय के पास कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान पुलिस और अभियुक्तों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरे अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों अभियुक्तों की पहचान चिंगारा (23) एवं रग्धू उर्फ सौरभ (18), निवासी मुरैना मध्य प्रदेश, हाल पता पाल कॉलोनी सीपरी बाजार झाँसी के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक चापड़, दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।