राजगढ़ः मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन जागरूकता रथ को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी

राजगढ़, 08 जून । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और परिवार नियोजन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष अभियान की शुरुआत की गई।

यूएनएफपीए (संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष) और जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किए गए ‘मातृ स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन जागरूकता रथ’ को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देगा।

अभियान के तहत रथ को एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और जनजागरूकता सामग्री से सुसज्जित किया गया है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन से जुड़े संदेशों के वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे। रथ के साथ कलाकारों की एक विशेष नुक्कड़ नाटक टीम भी रवाना हुई है, जो नरसिंहगढ़ और ब्यावरा ब्लॉक के गांवों में चैपाल लगाकर लोगों को जागरूक करेगी।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन को लेकर कई भ्रांतियां और झिझक मौजूद हैं। यह अभियान लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। अभियान के दौरान परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की भी जानकारी दी जाएगी। नसबंदी को लेकर फैली गलत धारणाओं को दूर करने के साथ ही कंडोम, छाया और अंतरा जैसे मुफ्त उपलब्ध साधनों के उपयोग के बारे में समझाइश दी जाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान सहित स्वास्थ्य विभाग और यूएनएफपीए के अधिकारी उपस्थित रहे।