रबात (मोरक्को), 10 जून । भारतीय गोल्फ खिलाड़ियों का 10 सदस्यीय दल इस सप्ताह मोरक्को में होने वाले प्रतिष्ठित इंटरनेशनल सीरीज मोरक्को टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा। दो मिलियन अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले इस बड़े टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
भारतीय दल की अगुवाई शानदार फॉर्म में चल रहे करनदीप कोच्चर और अनुभवी खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर कर रहे हैं। इनके साथ भारत के दिग्गज गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय टीम में आर्यन रूपा आनंद, उदयन माने, एसएसपी चौरसिया, राशिद खान, शौर्य भट्टाचार्य, अजीतेश संधू और शुभम जगलान भी शामिल हैं।
26 वर्षीय करनदीप कोच्चर इस समय शानदार लय में हैं। इस सत्र में एशियाई टूर के केवल पांच मुकाबलों में उन्होंने तीन बार शीर्ष-10 में जगह बनाई है। हाल ही में आयोजित एएम ग्रीन आईजीपीएल भारत क्लासिक में उन्होंने संयुक्त नौवां स्थान हासिल किया था। इससे पहले वह इंटरनेशनल सीरीज़ जापान में संयुक्त पांचवें और फिलीपींस गोल्फ चैम्पियनशिप में चौथे स्थान पर रहे थे। पिछले वर्ष उन्होंने मिस्र गोल्फ सीरीज़ रेड सी ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था।
कोच्चर ने कहा कि इस वर्ष उनका खेल लगातार बेहतर रहा है और वह अपनी लय से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस साल काफी अच्छा खेल रहा हूं। पांच प्रतियोगिताओं में तीन बार शीर्ष-10 में पहुंचना आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है। जिन टूर्नामेंटों में परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं रहे, वहां भी मेरा खेल मजबूत रहा।” पिछले तीन सप्ताह से मोरक्को में लगातार प्रतियोगिताएं खेलने के कारण शारीरिक थकान महसूस होने की बात स्वीकार करते हुए कोच्चर ने कहा कि यह टूर्नामेंट उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “मजागान बीच गोल्फ कोर्स पर तेज हवा में खेलना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। थोड़ी थकान महसूस हो रही है लेकिन मैं खुद को याद दिला रहा हूँ कि यह प्रतियोगिता जीवन बदलने वाली साबित हो सकती है। इसके बाद लंबा विश्राम मिलेगा, इसलिए अभी पूरी ताकत झोंकना जरूरी है।”
कोच्चर ने भारतीय गोल्फ प्रीमियर लीग और एशियाई टूर की साझेदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “भारतीय गोल्फ में काफी प्रतिभा है। इस साझेदारी से खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिला है। शीर्ष भारतीय खिलाड़ी के रूप में प्रदर्शन करना मेरे लिए गर्व की बात है।”
उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया, “आज हमने अभ्यास के दौरान सात होल का एक छोटा मुकाबला भी खेला। मैं और आर्यन, अनिर्बान और शौर्य के खिलाफ खेल रहे थे। आखिरी दो होल में बर्डी लगाकर हमने मैच बराबर कर लिया।” कोच्चर ने आगे कहा कि लाहिड़ी जैसे खिलाड़ी के साथ रहना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, “अनिर्बान के पास पीजीए टूर और वैश्विक गोल्फ का विशाल अनुभव है। उनके साथ समय बिताकर बहुत कुछ सीखने को मिलता है। अभी वैश्विक गोल्फ में वही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और हम सभी उनके साथ खेलकर खुश हैं।”