पूर्वी सिंहभूम, 14 जून । मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार स्थित टैंक रोड पर अवस्थित कोलकाता ज्वेलर्स में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। रविवार सुबह जब दुकान के संचालक जितेंद्र कुमार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कीमती जेवरात गायब थे।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि चोर करीब 11 लाख रुपये मूल्य के लगभग चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और ०8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
दुकान मालिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली। जांच के दौरान यह सामने आया कि चोर दुकान की छत से अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने पहले टीन शेड की ऊपरी परत हटाई और फिर दूसरी परत को काटकर दुकान के भीतर प्रवेश किया।
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने से उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए। यदि तिजोरी टूट जाती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।