नई दिल्ली, 19 जून । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर तालकटोरा स्टेडियम में मेगा रोजगार मेला का आयोजन किया। इस मेले में 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों ने अपने-अपने स्टाल लगाकर युवाओं के साक्षात्कार करके उनकी योग्यता अनुसार मौके पर ही 6500 से अधिक युवाओं को नौकरी के लिए नियुक्त किया। कंपनियों ने सैंकड़ों युवाओं को दूसरे साक्षात्कार के लिए भी बुलाया है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस ने विज्ञप्ति जारी करके दी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि बेरोजगारी युवाओं को रोजगार मेले के के जरिए नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को पेपर लीक की समस्या का स्थायी समाधान मिलना चाहिए, इसके लिए सरकार कानूनी तरीका अपना कर युवाओं को पेपर लीक की समस्या से निजात दे।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जब विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस हजारों युवाओं को रोजगार देने का काम कर सकती है, तो सत्ता में आने पर निश्चित ही देश के करोड़ों युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता अनुसार रोजगार देकर फिर एक बार देश से बेरोजगारी को पूरी खत्म करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा सरकारी विभागों में खाली पड़े लाखों पदों को भरने की मांग केंद्र सरकार से लगातार करते रहे है।
मेगा रोजगार मेले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानू चिब, दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन मौजूद रहे।