गुरुग्राम: डिजिटल अरेस्ट कर 23 लाख की ठगी का आरोपी नोएडा से काबू

गुरुग्राम, 20 जून । खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक व्यक्ति से 23 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया है।

थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम में पांच मई 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने उसे डिजिटल अरेस्ट कर डराया-धमकाया और 23 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। निरीक्षक संदीप, प्रबंधक थाना साइबर अपराध पश्चिम के नेतृत्व में पीएसआई धर्मेंद्र की टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 जून 2026 को आरोपी करण राजपूत को नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपी 21 वर्षीय करण राजपूत मूल रूप से फरीदाबाद के पल्ला का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगी की गई लगभग 23 लाख रुपये की पूरी राशि आरोपी करण राजपूत के नाम वाले बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी। आरोपी ने यह बैंक खाता 2.5 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति को बेचा था। पुलिस अब आरोपी से मामले में शामिल अन्य साइबर अपराधियों और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।