जेसीबी की टक्कर से सवारी वाहन पलटा, बुजुर्ग की मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 21 जून । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र के कमर गांव में शनिवार रात एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सेरेंगगदा बाजार से खरीदारी कर लौट रहे ग्रामीणों से भरे एक सवारी वाहन को पीछे से आ रही जेसीबी मशीन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान लगभग 60 वर्षीय एतवा मोतिया ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घायलों में आर्यन माझी, डेबो मछुवाइन और बासु नाग शामिल हैं। आर्यन माझी के पैर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि डेबो मछुवाइन के दोनों पैर टूट गए हैं। वहीं बासु नाग के सिर में गंभीर चोट आई है। तीनों का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर गुदड़ी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन अपने पति एवं समाजसेवी रमेश लुगुन के साथ तत्काल सक्रिय हुईं। दोनों लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय कर देर रात चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्था में सहयोग किया।

उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया।

सुनीता लुगुन ने कहा कि गुदड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में दुर्घटना के बाद समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

घटना के संबंध में सहिया बसंती माझी ने बताया कि सभी लोग सेरेंगगदा बाजार से आवश्यक सामान खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में जेसीबी की टक्कर से यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आर्यन माझी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।