यमुनानगर, 21 जून यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर के तेज बहाव में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना बाड़ी माजरा पुल के निकट हुई, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने व्यापक खोज अभियान शुरू कर दिया है लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार यमुनानगर के राजेंद्र नगर निवासी वंश अपने कुछ साथियों के साथ नहर में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाने के दौरान वह पानी में बहते एक नारियल की ओर बढ़ा।
नारियल तक पहुंचने के बाद जब उसने वापस किनारे की ओर आने का प्रयास किया तो वह संतुलन खो बैठा और नहर के तेज प्रवाह में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार किशोर कुछ समय तक बहाव के साथ संघर्ष करता दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए शोर मचाया, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह पानी में ओझल हो गया। बताया जाता है कि एक बार वह पुनः सतह पर दिखाई दिया, मगर इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू कराया। शाम तक नहर के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन जारी रही, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। सूचना मिलने पर किशोर के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के अनुसार वंश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से जुड़े कार्य में सहयोग करता था। परिजनों का कहना है कि उन्हें उसके घर से निकलने की जानकारी नहीं थी। बाद में एक परिचित युवक के माध्यम से घटना की सूचना मिली। परिवार ने कुछ परिस्थितियों को लेकर सवाल भी उठाए हैं और बताया कि वंश का एक युवक के साथ पूर्व में विवाद रहा था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता किशोर का पता लगाना है।