देहरादून, 21 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेता हार की डर सेचुनाव का मैदान छाेड़ना शुरू कर दिया है। भाजपा नेता भट्ट रविवार काे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के पुत्र एवं पूर्व विधायक संजीव आर्या के आगामी अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
भाजपा की ओर से रविवार को जारी एक बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का ‘एक परिवार, एक टिकट’ का सिद्धांत महज बहाना है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं को यह आभास हो गया है कि आगामी चुनाव में उनके परिवारों का कोई सदस्य जीत हासिल नहीं कर पाएगा। महेंद्र भट्ट ने कहा कि संजीव आर्य का चुनाव नहीं लड़ने का फैसला इस बात का संकेत है कि कांग्रेस चुनावी पराजय की आशंका से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर निराशा और हताशा का माहौल है तथा ‘एक परिवार, एक टिकट’ की बात राजनीतिक मजबूरी के तहत कही जा रही है।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि संजीव आर्य की 2017 की जीत भाजपा के चुनाव चिह्न और उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों की वजह से संभव हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के टिकट पर उनकी चुनावी संभावनाएं सीमित हैं। भट्ट ने आरोप लगाया कि इस निर्णय के माध्यम से यशपाल आर्य ने एक ओर अपने पुत्र को संभावित चुनावी पराजय से बचाने का प्रयास किया है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने परिवारवाद से जुड़े प्रश्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी और आंतरिक मतभेद बढ़ रहे हैं और नेताओं का चुनाव लड़ने से पीछे हटना पार्टी की कमजोर स्थिति को दर्शाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य की जनता विकास के मुद्दों पर भाजपा के साथ है और कांग्रेस की रणनीति को समझती है।