कृषि आदान सामग्री की समय पर उपलब्धता से बढ़ा किसानों का भरोसा

कोरबा, 23 जून (हि. स.)। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बन जाती है। समय पर कृषि आदान सामग्री मिलने से किसानों को खेती की तैयारियों में सहूलियत मिलती है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। कोरबा जिले के ग्राम सराईश्रृंगार, ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी किसान शीशपाल सिंह कंवर ने आज सहकारी समिति से खाद और बीज प्राप्त करने के अपने सकारात्मक अनुभव साझा करते हुए शासन की व्यवस्था की सराहना की है।

करीब दो एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले श्री कंवर खरीफ फसल की तैयारी के लिए जामबहार-सोनपुरी सहकारी समिति पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि समिति में उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गया। पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी रही, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

किसान शीशपाल सिंह कंवर ने बताया कि समिति में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित थीं और कर्मचारियों ने आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ सभी औपचारिकताओं को पूरा कराने में पूरा सहयोग किया। इसके कारण खाद और बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक रही। उन्होंने कहा कि जब किसानों को समय पर कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो जाती है, तब वे बिना किसी चिंता के खेती के कार्यों की बेहतर योजना बना सकते हैं।

उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित किया गया है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है और खेती के प्रति उनका भरोसा मजबूत हो रहा है। समय पर उपलब्ध संसाधनों के कारण किसान अब खेतों की तैयारी और बुवाई कार्य में तेजी ला पा रहे हैं।

श्री कंवर ने कहा कि सहकारी समिति में उपलब्ध सुविधाएं संतोषजनक हैं और उन्हें कहीं भी अनावश्यक प्रतीक्षा या अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कृषि आदान सामग्री की समय पर उपलब्धता खेती को सुगम और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।