जोधपुर, 24 जून । जोधपुर आयुक्तालय क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी मोहर्रम सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सरदार पटेल सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने की।
बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व एवं आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर शांति समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने समिति सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए और प्राप्त सुझावों पर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों ने भी शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया। पुलिस आयुक्त ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बैठक में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी., अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) नरेन्द्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम दीपक कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पश्चिम रतन सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त केन्द्रीय देरावर सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर नतिशा जाखड़ सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाधिकारी उपस्थित रहे।