मतदाता सूची पुनरीक्षण में बीएलओ के साथ बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी जरूरी : के. रवि कुमार

खूंटी, 30 जून । झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ-साथ सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र संख्या 84, 87, 89 और 97 का दौरा किया तथा वहां आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की संयुक्त बैठकों में भाग लिया। उन्होंने बीएलओ से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी ली और अभियान को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

के. रवि कुमार ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे तथा भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को सहभागी और पारदर्शी बनाने के लिए बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बीएलए-2 मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता करें तथा पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में स्वयं अथवा अपने माता-पिता का नाम खोजने में भी सहयोग करें, जिससे किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट (एएसडीडी) श्रेणी में मतदाताओं की सूची तैयार करते समय, बूथ लेवल अधिकारियों को सूची की पुष्टि करने के लिए संबंधित बूथ लेवल एजेंट-2 के साथ बैठकें करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बनेगी और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता भी मजबूत होगी।

उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से भी अपील की कि वे बीएलओ के घर-घर सर्वेक्षण के दौरान सहयोग करें और समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मो. जावेद हुसैन, तोरपा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।————