नैनीताल, 01 जुलाई ।नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं पर्यटक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बड़ा निर्णय लिया गया है। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में हुई बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने सहित कई निर्णय लिये गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, परिवहन विभाग के अधिकारी, टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर किसी भी वाहन द्वारा हॉर्न बजाना प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में नैनी झील के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को प्रभावी रूप से नो-पार्किंग जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस विभाग को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी एवं निजी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाकर चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक एवं उच्च क्षमता वाली पार्किंग के रूप में विकसित करने पर भी सहमति बनी। इसके लिए जिलाधिकारी को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानों तथा सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से निर्णयों को लागू कर नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में यातायात सुधार से संबंधित विभिन्न सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।