बलौदाबाजार, 4 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र खम्हारडीह का निरीक्षण कर वहां संचालित पोषण एवं बाल विकास गतिविधियों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद किया और उन्हें सुपोषण लड्डू खिलाकर कुपोषण से लड़ने उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने बताया कि, आंगनबाड़ी के कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिये जिले में सुपोषित बचपन अभियान के तहत बच्चों को सुपोषण लड्डू खिलाया जा रहा हैं। सुपोषण लड्डू 10 गुणकारी पोषक तत्वों से तैयार किया जाता है । प्रत्येक लड्डू में लगभग 10 ग्राम कार्बोहाइड्रेट एवं 5 ग्राम प्रोटीन होता है। उन्होंने बताया कि गंभीर कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों को प्रतिदिन एक सुपोषण लड्डू उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उन्हें आवश्यक पोषण मिल सके और कुपोषण दूर करने में मदद मिले।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज गंभीर कुपोषित एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, नियमित वजन मापन, पूरक पोषण आहार वितरण तथा स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि गंभीर कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, समय पर पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराएं तथा माताओं को संतुलित आहार, स्वच्छता और बाल स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूक करें।
कलेक्टर शर्मा ने ‘सुपोषित बचपन अभियान’ के तहत गांव के जनप्रतिनिधियों, सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, उपस्थित माताओं तथा आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों से कुपोषित बच्चों को गोद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोद लेने का उद्देश्य बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उन्हें कुपोषण से बाहर लाना है। उन्होंने सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कुपोषित बच्चों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहानुभूति का भाव रखने का आग्रह किया।