सागर, 6 जुलाई । मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित पीरघाट पुल पर सोमवार सुबह ट्रक और स्लीपर बस की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक पुल पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार अंबे ट्रेवल्स की स्लीपर बस इंदौर से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रही थी। सोमवार सुबह पीरघाट पुल के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही भानगढ़ थाना की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक खलक सिंह और पायलट राजधर प्रजापति ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि कुछ मामूली घायल यात्री निजी वाहनों से उपचार के लिए रवाना हुए।
दुर्घटना के कारण पीरघाट पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात बहाल करने के लिए मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बस को हटाकर मार्ग को दोबारा चालू कराया गया।
भानगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।