बिजनौर में पौधारोपण महायज्ञ, 80 लाख पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम

बिजनौर, 11 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नामित नोडल अधिकारी योगेश कुमार, आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर कलेक्ट्रेट सभागार में पौधारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नोडल अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधों की उपलब्धता, पौधों के उठान, रोपण स्थलों के चयन तथा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधों का उठान निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए तथा पौधारोपण से पूर्व उन्हें चिन्हित प्लांटेशन स्थलों पर सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय जनसहभागिता के माध्यम से अधिकाधिक पौधारोपण कराया जाए तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान सफल एवं स्थायी परिणाम देने वाला सिद्ध हो।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधारोपण के उपरांत प्रत्येक लगाए गए पौधे की जियो टैगिंग समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जियो टैगिंग में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी।

प्रभागीय निदेशक जय सिंह कुशवाहा ने जनपद में विभागवार पौधारोपण की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 75,99,500 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 05 जून को कर दिया गया है, 9,81,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है, जबकि शेष 66,18,500 पौधों का रोपण कल आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों द्वारा पौधों का उठान, चिन्हित स्थलों की तैयारी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

बैठक में वृक्षारोपण अभियान से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की तैयारियों एवं कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नोडल अधिकारी को आश्वस्त किया कि शासन एवं नोडल अधिकारी द्वारा दिए गए समस्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति तथा पौधों के संरक्षण, जियो टैगिंग एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, एसडीएम सदर रितू रानी, डीसी जीरामजी आरबी यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कौशलेंद्र सिंह, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

———–