खूंटी में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली रफ्तार, तोरपा विधानसभा के तीन मतदान केंद्रों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा

खूंटी, 13 जुलाई । खूंटी जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य तेज गति से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के निर्देशन में सभी बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने, उनका संग्रहण करने तथा आवश्यक दस्तावेजों का डिजिटाइजेशन करने में जुटे हैं।

अभियान के क्रम में 59-तोरपा (अजजा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत तोरपा प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या-87 और 97 तथा रनिया प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या-183 में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

मतदान केंद्र संख्या-87 की बीएलओ राजेश्वरी देवी, मतदान केंद्र संख्या-97 की बीएलओ शुभाशी हेरेंज तथा मतदान केंद्र संख्या-183 की बीएलओ सुशीला भेंगरा ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाने, उनका संग्रहण करने और आवश्यक अभिलेखों के डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने तीनों बीएलओ को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल लक्ष्य प्राप्त करने में नहीं, बल्कि ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने में निहित होती है। उन्होंने कहा कि तीनों बीएलओ ने अपने समर्पण और सुनियोजित कार्य से यह सिद्ध किया है कि कठिन से कठिन लक्ष्य भी समय पर पूरे किए जा सकते हैं।

उन्होंने जिले के सभी बीएलओ से इसी उत्साह और सक्रियता के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

वहीं, 59-तोरपा (अजजा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा ने भी तीनों बीएलओ को शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरी टीम के समन्वित प्रयास, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम बताया। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करें।————-