पलामू, 16 जुलाई । ‘हरे राम-हरे कृष्णा’ के गूंज के बीच और ओडिशा की तर्ज पर पलामू जिले में गुरूवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गयी।
भगवान जगन्नाथ स्वयं भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकले। मेदिनीनगर में पुलिस लाइन मेजर मोड़ के पास से इस्कॉन (हरेकृष्ण निवास), कोयल नदी तट स्थित श्रीराम जानकी मंदिर और रेड़मा ठाकुरबाड़ी से पुरानी परंपरा के अनुसार रथयात्रा निकाली गयी। इसके अलावा चैनपुर में राजगढ से भी रथयात्रा निकली और कृष्णदाहा मौसीबाड़ी तक गयी। इन कार्यक्रमों में पलामू प्रमंडल के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
पुलिस लाइन रोड में मेजर मोड़ स्थित इस्कॉन (हरेकृष्ण निवास) से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरूणा शंकर, सदर एसडीओ संजय पांडेय, भाजपा नेता नेता मनोज सिंह, समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, भाजपा नेत्री लवली गुप्ता, राकेश सिंह उर्फ मंगल, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
एक सुसज्जित रथ पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा विराजमान थे। लोग उनके दिव्य दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे थे। भगवान की रथ में लगी डोर को खींचने को लेकर लोगों में होड़ लगी रही। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचने और रथयात्रा में सहभागी बनने से अनेक जन्मों के पाप नष्ट होते हैं। रथयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के उद्घोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
रथयात्रा रथ इस्कॉन (हरेकृष्ण निवास) से प्रारंभ होकर भारत माता चौक, छहमुहान, सदर अस्पताल चौक, रेलवे स्टेशन, ओवरब्रिज, रेडमा चौक, बैरिया चौक, ग्यासी मंदिर और जेलहाता होते हुए अरुणोदय मार्केट के रास्ते पुनः मंदिर परिसर पहुंचा।