जबलपुरः कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का सिहोरा में औचक निरीक्षण, एफआईआर के निर्देश

जबलपुर, 16 जुलाई । मध्य प्रदेश के जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह गुरुवार को बिना किसी बड़े काफिले के अचानक सिहोरा पहुंचे। वे केवल एक ट्रैवलर वाहन से सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खितौला पहुंचे और औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन रिकॉर्ड, दवाइयों एवं इंजेक्शनों का स्टॉक देखा तथा डीप फ्रीजर में रखी दवाइयों का तापमान भी जांचा। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की सराहना की।

इसके बाद कलेक्टर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित वार्ड क्रमांक 12 एवं 15 के आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, जिनका निर्माण वर्ष 2021 में नगर पालिका द्वारा कराया गया था। भवन की फर्श की टाइल्स उखड़ी हुई और बेस धंसा हुआ मिलने पर उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लापरवाही बरतने वाले उपयंत्री के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बच्चों के बीच भी पहुंचे और उनसे आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से क, ख, ग, घ और ए, बी, सी, डी सुनवाई, जिसे बच्चों ने उत्साहपूर्वक सुनाया।

इसके बाद कलेक्टर संदीपनी विद्यालय पहुंचे, जहां निर्माण कार्य का निरीक्षण कर ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के इस औचक दौरे से स्पष्ट संदेश गया कि सरकारी निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।