दलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन की टीम घोषित, गायकवाड़ बने कप्तान

नई दिल्ली, 20 जुलाई । दलीप ट्रॉफी-2026 सीजन के लिए वेस्ट जोन टीम की घोषणा कर दी गई है। बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का कप्तान, जबकि बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उप-कप्तान बनाया गया है।

बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के मैदानों पर 23 अगस्त से 10 सितंबर तक होने वाले इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में वेस्ट जोन की टीम संतुलित संयोजन के साथ उतरेगी।

पिछले सीजन में वेस्ट जोन की कप्तानी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने संभाली थी। टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इस बार चयनकर्ताओं ने नेतृत्व की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी है। गायकवाड़ घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी भी की है।

सोमवार को घोषित 15 सदस्यीय टीम में हार्विक देसाई और उर्विल पटेल को विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है। बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, मुशीर खान, शिवालिक शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर होगी। स्पिन आक्रमण में उप-कप्तान शम्स मुलानी, तनुष कोटियान और सिद्धार्थ देसाई संभालेंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में अनुभवी शार्दुल ठाकुर के साथ तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी और अतीत सेठ शामिल हैं।चयनकर्ताओं ने छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय सूची में भी रखा है।

वेस्ट जोन टीमऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उप-कप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत सेठ, शार्दुल ठाकुर, मुकेश चौधरी, तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे।