कैथल में बोले रणदीप सुरजेवाला,सरकार की नीतियां व्यापार और उद्योग के खिलाफ

कैथल, 25 जुलाई । कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को कैथल की नई अनाज मंडी में आयोजित व्यापारियों के अभिनंदन एवं सम्मान समारोह में भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियां व्यापार और उद्योग के खिलाफ हैं, जिसके चलते व्यापारी, आढ़ती और छोटे उद्योगपति लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

कार्यक्रम का आयोजन नवनियुक्त शहरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनिवास मित्तल की ओर से किया गया। इस दौरान विधायक आदित्य सुरजेवाला भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में दोनों नेताओं का शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।

व्यापारियों को संबोधित करते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारी वर्ग फिरौती, रंगदारी और वसूली जैसी घटनाओं से भय के माहौल में कारोबार करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपराध पर नियंत्रण का दावा करती है तो ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

उन्होंने अनाज मंडियों में आढ़तियों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आढ़त की व्यवस्था में बदलाव से आढ़तियों की आय प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से काम कर रहे आढ़तियों के लाइसेंस नवीनीकरण में भी दिक्कतें आ रही हैं, जबकि ‘घटती’ और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

सुरजेवाला ने ढुलाई व्यवस्था और गेट पास प्रक्रिया को भी व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बताया। उनका कहना था कि नई व्यवस्थाओं के कारण किसानों और आढ़तियों दोनों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अपने संबोधन में उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनियों का भी जिक्र किया। सुरजेवाला का आरोप था कि ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव से छोटे दुकानदारों, किराना व्यापारियों और पारंपरिक बाजारों पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार को छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी नीति बनानी चाहिए।

वहीं विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि व्यापारी, किसान, मजदूर और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और कांग्रेस उनकी आवाज उठाती रहेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।