आगरमालवाः सड़क हादसे में एक की मौत और छह घायल

आगरमालवा, 26 जुलाई । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले से गुजरे उज्जैन-गरोठ फोरलेन सड़क मार्ग पर रविवार को ग्राम साबनी के पास एक कार बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में कार में सवार सात लोगों में से 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों और महिलाओं सहित छह अन्य घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिये उज्जैन रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी-13-सीए-3269 में सवार दीपक (48) पुत्र राधेश्याम राठौर , उनकी पत्नी ललिता (38), जगदीश (60) पुत्र सिद्धनाथ, उनकी पत्नी मनोरमा (52), प्रज्ञा (32) पत्नी दीपक और 13 व 9 वर्ष के दो बच्चे ग्राम कायथा जिला उज्जैन के रहने वाले थे तथा सभी उज्जैन से गरोठ की और जा रहा थे। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए आगरमालवा जिले के बड़ौद अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को उज्जैन रेफर किया गया। हादसे में जगदीश पुत्र सिद्धनाथ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।