युवक की चाकू से गोदकर हत्या, पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करने वाले आरोपित के पैर में लगी गोली

शाहजहांपुर, 01 अगस्त । उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जनपद के कांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के दौरान आरोपित ने एक आरक्षी पर हमला कर फरार होने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने शनिवार को बताया कि कांट थाना क्षेत्र के मोहल्ला कमलनेनपुर निवासी गौतम (20) की शुक्रवार रात दिलावरपुर के पास चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद भाग रहे आरोपित कस्बा कांट निवासी समीर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपित को थाने लेकर आई और पूछताछ की।

क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आरोपित को घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए दिलावरपुर क्षेत्र में ले जाया गया। वहां,झाड़ियों में छिपाया गया चाकू निकालते ही आरोपित समीर ने आरक्षी देवेंद्र पर हमला कर दिया और मौके से भागने का प्रयास किया। हमले में आरक्षी घायल हो गया। पुलिस टीम ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान की गई जवाबी कार्रवाई में समीर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घायल आरक्षी को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में समीर सहित चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।