ग्लासगो, 01 अगस्त । भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि यशवीर सिंह ने अंतिम प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह भारत ने इस स्पर्धा में दो पदक जीतकर डबल पोडियम हासिल किया।
टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा खराब मौसम के बावजूद अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब पहुंचे। उन्होंने दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे। इससे पहले उनका इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 85.69 मीटर था, जो उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग में किया था।
पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे 24 वर्षीय यशवीर सिंह ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक जीत लिया। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 83.72 मीटर था।
श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिराजे ने दूसरे प्रयास में 89.75 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ठंडे और तेज़ हवा वाले मौसम के बावजूद वह 90 मीटर के बेहद करीब पहुंचे।
भारत के तीसरे खिलाड़ी रोहित यादव ने 81.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
इस स्पर्धा में दक्षिण एशिया का दबदबा देखने को मिला और स्वर्ण, रजत तथा कांस्य तीनों पदक उपमहाद्वीप के खिलाड़ियों ने जीते। वहीं, पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों के गत विजेता अरशद नदीम तीन प्रयासों के बाद 77.41 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ बाहर हो गए। विश्व चैंपियन केशॉर्न वालकॉट (त्रिनिदाद एवं टोबैगो) 82.55 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे।
उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा ने पिछले वर्ष सितंबर में लगी कमर की चोट से उबरने के बाद इस वर्ष वापसी की है। यह उनका दूसरा राष्ट्रमंडल खेल था। इससे पहले उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।