जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण को लेकर प्रशिक्षण सम्पन्न

खूंटी , 06 अगस्त । भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) निर्माण के लिए गुरुवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मो जावेद हुसैन के निर्देश पर डीआरडीए सभागार में आयोजित प्रशिक्षण की अध्यक्षता अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी सुषमा लकड़ा ने की।

प्रशिक्षण के पहले दिन भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय, नई दिल्ली की संयुक्त निदेशक और नोडल पदाधिकारी पूर्णिमा प्रसाद ने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के सफल संचालन और गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड की सेतेंग ज्योति बराड़उद और प्रवीण कुमार सिन्हा ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आंकड़ों के संकलन, सत्यापन और संधारण की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। इस दौरान डीसीएचबी मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से डाटा प्रविष्टि एवं सत्यापन की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान 05 अगस्त को खूंटी, कर्रा, तोरपा और नगर पंचायत खूंटी के चार्ज पदाधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को, जबकि 06 अगस्त को मुरहू, रनिया और अड़की प्रखंड के चार्ज पदाधिकारियों तथा नामित कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया।

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी ग्रामों और नगरों से आवश्यक आंकड़ों का संकलन 20 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। समापन अवसर पर अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा ने सभी अधिकारियों, राजस्व कर्मियों, जनसेवकों और पंचायत सचिवों से जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न करने तथा शुद्ध एवं त्रुटिरहित डाटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।