पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त । मंडल मुख्यालय पौड़ी में स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों पर शासन स्तर पर हलचल तेज हो गई है। जिला अस्पताल में डायलिसिस सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक चिड़ियाघर (जू) की स्थापना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरसाली की पहल अब आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
राकेश गौरसाली ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर दोनों मांगें रखी थीं। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं पर्यटन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। सचिव विनय शंकर पांडे द्वारा जारी पत्र की प्रति जिलाधिकारी पौड़ी को भी प्रेषित की गई है।
गौरसाली ने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर शुरू हुई प्रक्रिया जल्द ही धरातल पर उतरेगी। उनका कहना है कि जिला अस्पताल में डायलिसिस सुविधाओं का विस्तार होने से किडनी रोगियों को बेहतर और सुलभ उपचार मिलेगा। वहीं आधुनिक जू की स्थापना से पौड़ी में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा वन्यजीव संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी आने की भी संभावना है।