नारायणपुर, 07 अगस्त । जिले के ओरछा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग की बदहाल स्थिति अब यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्डों और बारिश के कारण बिगड़ी स्थिति से परेशान बस संचालकों ने अब बस ओरछा के लिए बस सेवा बंद करने का फैसला लिया है। बस संचालकों के अनुसार 8 अगस्त से नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर यात्री बसों का परिचालन बंद रहेगा।
बस संचालकों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। बारिश के मौसम में मार्ग की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है। कई स्थानों पर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण बसों को चलाने में काफी परेशानी हो रही है। लगातार खराब सड़क पर वाहन चलाने से बसों में तकनीकी खराबी आने के साथ मरम्मत का खर्च भी बढ़ रहा है।
नारायणपुर-ओरछा मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग से ओरछा, छोटेडोंगर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग नारायणपुर जिला मुख्यालय तक आवागमन करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण यात्रियों को सफर के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बस संचालकों का कहना है कि कई बार सड़क की समस्या को संबंधित विभाग और प्रशासन के संज्ञान में लाया गया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब होने के बाद अब बस संचालन करना मुश्किल हो गया है।
बस संचालक धनराज जैन ने बताया कि नारायणपुर ओरछा मुख्य मार्ग एवं नारायणपुर कोंडागांव मुख्य मार्ग की सड़के जर्जर एवं खस्ताहाल हो गई है। जिसमें वाहनों का संचालन वर्तमान में संभव नहीं है, सड़क के गढ्ढों में बसें फंस जाती है तो कई बार बसों के कलपुर्जे टूट फूट जाते हैं। घंटे दो घंटे का सफर 5 घंटे में पूरा होता है। बस चालक कंडक्टर यात्री सभी परेशान हो रहे हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए उक्त मार्ग में वाहनों का संचालन रोका गया। यदि पेच वर्क कर गढ्ढों को भरा जाए तो हम बसों का संचालन आरम्भ कर देंगे।
बस चालक अहमद खान का कहना है कि माइंस की ट्रकों के चलने के कारण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन ट्रैकों के संचालक को बंद किया जाना चाहिए, क्योंकि ट्रकों के चलने से मार्ग खराब हो रहा है। यही कारण है कि हमने बसों का संचालन रोक रखा है, ताकि शासन प्रशासन ध्यान दें और सड़कों का निर्माण कराए।
नारयणपुर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई ने बताया कि धौडाई से लेकर आमदाई तक सड़क निर्माण हेतु प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव पर है। दूसरी ओर आमदाई से ओरछा तक सड़क निर्माण की अनुमति मिल गई है। वहीं नारायणपुर से धौड़ाई तक मार्ग की रूपरेखा तैयार कर मंत्रालय के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है, रही बात नारायणपुर से कोंडागांव मुख्य मार्ग की तो वह पहले से ही नेशनल हाईवे अंतर्गत निर्माणाधीन है। मानसून का दौर है जिस वजह से परेशानियां ज्यादा हो रही, जैसे ही बारिश थमती है तो जल्द सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।