लखनऊ, 08 अगस्त । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में बीते छह अगस्त को सालहे तिराहे पर खड़ी एक कार में मिले शव के मामले में पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। युवक की मारपीट कर हत्या के बाद दो लोग शव को कार में रखकर फरार हो गये थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि सालेहनगर तिराहे पर छह अगस्त को कार में एक युवक की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु की पुष्टि हुई थी। वहीं, मृतक ज्ञानेंद्र के भाई शशिवेंद्र सिंह ने हत्या की तहरीर दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की। तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर अशियाना निवासी सचिन उर्फ चाइना और जितेंद्र उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया गया।