सड़क पर गड्ढे के कारण बनी तालाब, युवाओं ने धान रोपकर जताया आक्रोश

पलामू, 09 अगस्त । जिला मुख्यायल मेदिनीनगर के अति व्यस्ततम चौक चौराहों में से एक बैरिया चौक सड़क इन दिनों गड्ढे में तब्दील हो गई है। इन गड्ढे में पानी जमने से हर दिन हादसे से हो रहे हैं। लगातार परेशानी देखकर बड़ी संख्या में युवाओं ने रविवार को सड़क पर धान रोपनी कर आक्रोश जताया। साथ ही मौके पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।

धान रोपाई कर रहे लोगों ने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बैरिया चौक से होकर गुजरने वाली यह सड़क जिले के कई महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ती है। यह मार्ग हुसैनाबाद, छतरपुर, पड़वा, पाटन, विश्रामपुर और हरिहरगंज सहित कई क्षेत्रों के आवागमन का प्रमुख जरिया है। ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर हजारों लोगों के रोजमर्रा के आवागमन पर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर लंबे समय से मांग की जाती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

लोगों ने कहा कि जब सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है तो विवश होकर उन्हें सड़क को ही ‘खेत’ बनाकर धान रोपना पड़ रहा है। यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों के लिए चेतावनी भी है।

युवाओं का नेतृत्व कर रहे आशीष भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन और सरकार का ध्यान इस आंदोलन के बाद भी सड़क मरम्मत की ओर नहीं गया तो आगे धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया जाएगा।