पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां जमानी सरदार पटेल खेल पुरस्कार से सम्मानित

अहमदाबाद, 13 अगस्त । भारत की नंबर एक और विश्व की 27वें नंबर की पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां नूरअली जमानी को गुजरात सरकार के प्रतिष्ठित सरदार पटेल खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने 12 अगस्त को गांधीनगर में आयोजित समारोह में नूरजहां को यह पुरस्कार प्रदान किया।

खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग, गुजरात सरकार की ओर से दिए जाने वाले सरदार पटेल खेल पुरस्कार को राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मानों में शामिल माना जाता है। भारत के लौह पुरुष और देश के राजनीतिक एकीकरण के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर दिए जाने वाला यह पुरस्कार खेल के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन, दृढ़ता और संघर्ष के साथ गुजरात तथा देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है।

12 साल बाद की शानदार वापसी

नूरजहां को पांच साल की उम्र में पोलियो हुआ था। उन्होंने 2007 से 2010 के बीच पहली बार पैरा टेबल टेनिस में हिस्सा लिया, लेकिन इसके बाद एक दशक से अधिक समय तक खेल से दूर रहीं। वर्ष 2022 में प्रतिस्पर्धी टेबल टेनिस में उनकी वापसी ने उनके करियर में एक शानदार नए अध्याय की शुरुआत की।

वापसी के बाद नूरजहां ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंदौर में आयोजित यूटीटी पैरा सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 2025-26 में अपना खिताब बरकरार रखा। इससे पहले उन्होंने यूटीटी नेशनल पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था। इन उपलब्धियों के दम पर वह भारत की नंबर एक और अपनी श्रेणी में विश्व की 27वें नंबर की खिलाड़ी बनीं।

‘गर्व है’ पहल से मिल रहा सहयोग

अहमदाबाद में रहने वाली नूरजहां अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) में जूनियर अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें अडानी स्पोर्ट्सलाइन की ‘गर्व है’ पहल के तहत लंबे समय से उच्च प्रदर्शन संबंधी सहयोग मिल रहा है। पुरस्कार मिलने पर नूरजहां ने कहा, “गुजरात सरकार से यह सम्मान मिलना मेरे लिए बेहद खास है और मुझे और ऊंचा लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। हर उपलब्धि भारत का गर्व के साथ प्रतिनिधित्व करने के मेरे संकल्प को और मजबूत करती है। मैं अडानी स्पोर्ट्सलाइन और ‘गर्व है’ पहल की आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मेरे सफर के हर कदम पर मेरा समर्थन किया।”

अडानी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य व्यवसाय अधिकारी संजय अडेसरा ने कहा, “नूरजहां का सफर उस दृढ़ संकल्प और जुझारूपन को दर्शाता है, जो चैंपियन खिलाड़ियों की पहचान है। हमें ‘गर्व है’ के माध्यम से उनका समर्थन करने पर गर्व है और हम उन्हें इस योग्य सम्मान के लिए बधाई देते हैं।”

सरदार पटेल खेल पुरस्कार मिलने के बाद अब नूरजहां की नजरें 2026 के एशियाई पैरा खेलों में जगह बनाने पर हैं। जापान के आइची और नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में वह भारत की पैरा खेलों में बढ़ती सफलता में एक और अध्याय जोड़ने की उम्मीद के साथ तैयारी कर रही हैं।