नई दिल्ली, 14 अगस्त । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर के प्रांगण में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों सहित समस्त दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात निगम मुख्यालय के सभागार में निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
महापौर प्रवेश वाही ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां देने वाले निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और शानदार प्रस्तुतियों ने यह साबित किया है कि प्रतिभा के मामले में निगम विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी निजी विद्यालय के विद्यार्थियों से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति, कला एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यह सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
महापौर ने कहा कि आज निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता होती है। इन बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास यह दर्शाता है कि यदि उन्हें उचित अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं विकसित राजधानी बनाना है। इस दिशा में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं में सुधार भी निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
महापौर ने इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके निरंतर योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि निगम की सेवाओं को बेहतर बनाने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी भावना के साथ कार्य करते हुए दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने में अपना योगदान दें।
समारोह में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।