नेपाल : सभी सरकारी कर्मचारियों को १५ दिनों में वेतन भत्ता का भुगतान करने का सख्त निर्देशन जारी

काठमांडू, 18 अगस्त । नेपाल के महालेखा नियंत्रक कार्यालय ने संघीय सरकार के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को अब हर 15 दिन में वेतन और भत्ता अनिवार्य रूप से भुगतान करने का सख्त निर्देश जारी किया है।

नेपाल में बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में नई सरकार गठन होने के एक महीने के बाद ही संघीय कर्मचारियों को हर १५-१५ दिन में वेतन भत्ता देने को लेकर निर्णय किए गए थे।

सरकार के द्वारा इस संबंध में नीतिगत फैसले किए जाने के बाद नेपाल के वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में सभी मंत्रालयों विभागों एवं अन्य संबंधित निकायों को इसके लिए परिपत्र जारी किया था। हालांकि अभी तक कई सरकारी विभागों में कर्मचारियों को अब तक १५-१५ दिनों में वेतन और भत्ते देने का काम नहीं किया था।

महालेखा नियंत्रक कार्यालय ने संघीय सरकार के तहत आने वाले निकायों में कार्यरत कर्मचारियों को अर्धमासिक आधार पर वेतन-भत्ता भुगतान करने की व्यवस्था तत्काल लागू करने का निर्देश दिया है।

महालेखा नियंत्रक कार्यालय की बजट शाखा ने सभी कोष तथा लेखा नियंत्रक कार्यालयों, निवृत्तिभरण प्रबंधन कार्यालय और केंद्रीय तहसील कार्यालय को पत्र भेजकर निर्देश दिया है कि 15 दिन पूरे होने के बाद अर्धमासिक रूप से वेतन और भत्ते का भुगतान किया जाए।

पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों को हर महीने 15 दिन पूरे होने के बाद अर्धमासिक रूप से वेतन और भत्ता भुगतान करने के लिए प्रणाली में आवश्यक व्यवस्था की जा चुकी है। इसके तहत संबंधित कार्यालयों के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को अर्धमासिक आधार पर वेतन-भत्ता, जिसमें बजट वक्तव्य 20२६/२७ के अनुसार कर्मचारी प्रोत्साहन भत्ता भी शामिल है, का भुगतान करने का अनुरोध किया गया है।